बैंक कर्ज से परेशान व्यक्ति ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम

 


औरैया, 02 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र में बैंक के कर्ज से परेशान एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले व्यक्ति ने अपने बहनोई को फोन कर पूरी जानकारी भी दी।

बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बरके पुरवा निवासी प्रशांत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मेरे पिता मुकेश कुमार ( 50 ) पुत्र सुघर सिंह रविवार को बिना कुछ बताए घर से कहीं चले गए थे। शाम के समय उन्होंने प्रशांत के बहनोई हरिओम सिंह को फोन कर बताया कि उन पर बैंक का काफी कर्ज हो गया है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहे हैं। फोन पर उन्होंने यह भी बताया कि वह इस समय विशुनपुर की पुलिया पर खड़े हैं और रोते हुए आत्महत्या करने की बात कही।

बहनोई द्वारा सूचना मिलते ही प्रशांत कुमार कुछ ग्रामीणों के साथ तुरंत विशुनपुर पुलिया पहुंचे, लेकिन तब तक उनके पिता मुकेश कुमार पुलिया के पास खड़े शीशम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे चुके थे। यह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

परिजन शव को पेड़ से उतारकर घर ले आए। सूचना मिलते ही रुरुगंज चौकी प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार