औरैया सपा कार्यालय में पहली बार धूमधाम से मनाई बाबा लख्खी शाह बंजारा की जयंती

 


औरैया, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) जिला कार्यालय ककोर में शनिवार को पहली बार महान योद्धा, समाजसेवी एवं व्यापारी बाबा लख्खी शाह बंजारा की जयंती श्रद्धा, उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह नायक ने की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बाबा लख्खी शाह बंजारा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम जिले से बाहर होने के कारण शामिल नहीं हो सके, लेकिन उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहली बार इस जयंती के आयोजन के लिए जिलाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह नायक ने बाबा लख्खी शाह बंजारा के जीवन संघर्ष, समाज सेवा और ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा लख्खी शाह बंजारा का जन्म वर्ष 1580 में वर्तमान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ क्षेत्र में हुआ था। वे केवल एक सफल व्यापारी ही नहीं, बल्कि महान योद्धा और कुशल सिविल ठेकेदार भी थे। उन्होंने अपने साहस, सेवा और समाज के प्रति समर्पण से इतिहास में अमिट पहचान बनाई।

उन्होंने बताया कि बाबा लख्खी शाह बंजारा ने दिल्ली में रायसीना, मालचा, बाराखंबा और नरेला जैसे प्रमुख गांव बसाए थे, जो आज भी उनके ऐतिहासिक योगदान की गवाही देते हैं। मुगल काल में वे बड़े व्यापारियों में गिने जाते थे तथा उनके पास चार विशाल व्यापारी दल थे, जो दूर-दूर तक व्यापार का संचालन करते थे। अतर सिंह नायक ने कहा कि बाबा लख्खी शाह बंजारा का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने बाबा लख्खी शाह बंजारा के त्याग, साहस और सामाजिक समरसता की भावना को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बाबा रामनरेश यादव, रश्मि यादव, बबलू नायक, विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार गौतम, नरेंद्र पाल, हरीशंकर दिवाकर सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार