पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला राजमिस्त्री का शव
औरैया, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के दिबियापुर रोड स्थित नवीन मंडी समिति के पीछे बने एक बाग में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिधूना थाना के अपराध निरीक्षक अमित त्रिपाठी ने बताया कि किशोरगंज मोहल्ले में स्थित रोहिताश चंद्र गुप्ता के बाग में आज सुबह टहलने और काम से निकले लोगों ने आम के पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे एक शव लटका देखा। बाग के रखवाले महावीर पुत्र गंगाराम ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर थाना पुलिस की टीम पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल की।
स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान फफूंद थाना क्षेत्र के पीपरपुर गांव निवासी रामहेत (48) पुत्र सोनेलाल के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक रामहेत अविवाहित था और करीब डेढ़ वर्ष से किशोरगंज में किराये के मकान में अकेले रह रहा था। वह पेशे से राजमिस्त्री था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार