चित्रांश सभा की अयोध्या धाम यात्रा को जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
औरैया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से प्रभु श्रीराम एवं भगवान चित्रगुप्त के आशीर्वाद के साथ चित्रांश सभा औरैया का वार्षिक पिकनिक टूर शुक्रवार को धार्मिक नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद, मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने चित्रांश समाज के लोगों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने यात्रा में शामिल चित्रांश बंधुओं को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक यात्राएं समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करती हैं।
यात्रा को लेकर चित्रांश समाज के लोगों में खासा उत्साह नजर आया। बस रवाना होते समय ‘‘जय श्रीराम’’ और ‘‘जय चित्रगुप्त भगवान’’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के दौरान अयोध्या धाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन एवं पूजन किए जाएंगे।
इस मौके पर राहुल सक्सेना, मनोज श्रीवास्तव, राघवेंद्र सहाय, अरुण सक्सेना, गिरीश सक्सेना, अवनीश सक्सेना, राजीव कुलश्रेष्ठ, चंद्रसेन सक्सेना, राजीव सक्सेना, अंकुर श्रीवास्तव, रामलखन सक्सेना, दीपक श्रीवास्तव, संतोष सक्सेना, राकेश श्रीवास्तव सहित करीब एक सैकड़ा चित्रांश बंधु, महिलाएं एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने यात्रियों से अनुशासन एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार