औरैया में 14.10 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक प्रेक्षागृह, हुआ भूमि पूजन
औरैया, 08 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद मुख्यालय ककोर में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। संस्कृति विभाग की ओर से प्रस्तावित आधुनिक प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) का भूमि पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। करीब 14 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रेक्षागृह का भूमि पूजन उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया तथा जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे ने संयुक्त रूप से किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि औरैया में लंबे समय से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहित्यिक आयोजनों और कलाकारों के लिए एक आधुनिक मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस प्रेक्षागृह के निर्माण से जिले के कलाकारों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भदौरिया का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने बताया कि लगभग 14.10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक प्रेक्षागृह जून 2027 तक पूर्ण होने का लक्ष्य है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के साथ-साथ साहित्यिक गोष्ठियों, सरकारी कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों का भी आयोजन किया जा सकेगा। कार्यक्रम में पर्यटन अधिकारी एवं संस्कृति परिषद के सचिव मोहित मनोहर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रेक्षागृह के निर्माण से जिले की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन के लिए एक आधुनिक मंच उपलब्ध होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार