तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पोल से टकराया, 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
औरैया, 29 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के एरवा कटरा कस्बे में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने शनिवार देर रात में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय बंदू पुत्र रामस्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे जा घुसा और अपने घर के बाहर खड़े बंदू को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे लगा विद्युत पोल भी टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद राजीव शाक्य, अंशु, रविंद्र शर्मा, छोटे, कन्हैया और रवि शाक्य समेत अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय बंदू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठा बेलझाली निवासी सत्यभान भी घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनेश कुमार सिंह और कस्बा इंचार्ज मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार