सड़क पर खड़ी खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, 32 वर्षीय युवक की मौत

 


औरैया, 19 मार्च (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नितिन राजपूत के रूप में हुई है, जो केशमपुर के मजरा नुन्हा गांव का निवासी था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, नितिन राजपूत बुधवार देर शाम फफूंद में अपने एक मित्र के घर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी केशमपुर स्थित पाड़ी बाबा मंदिर के सामने सड़क के बीचों-बीच खड़ी एक खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिन की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली का बैरिंग खराब हो जाने के कारण वह सड़क पर ही खड़ी कर दी गई थी। चालक ट्रॉली को वहीं छोड़कर चला गया था। ट्रॉली में आलू लदे हुए थे और वह इटावा की ओर जा रही थी। अंधेरा होने के कारण नितिन को सड़क के बीच खड़ी ट्रॉली दिखाई नहीं दी, जिससे यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फफूंद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद फाफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और परिजनों को सूचना दी।

मृतक की पत्नी मंजू राजपूत ने बताया कि नितिन देर शाम कार्यक्रम में गए थे और देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया। नितिन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार