तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दो मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल
औरैया, 24 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव फकीरे पूर्व के पांच मजदूरों के साथ सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा मजदूरी करने जा रहे इन लोगों का वाहन बाह-इटावा मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर का शिकार हो गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज आगरा के अस्पताल में जारी है।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय चंद्र प्रकाश पुत्र आत्मा राम और 28 वर्षीय भगवान दीन पुत्र स्वर्गीय महाराज सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायलों में बृजेश कुमार पुत्र राम किशन, अभिषेक कुमार पुत्र विशंभर दयाल और छोटे पुत्र बनवारी लाल शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव फकीरे पूर्व निवासी सभी पांचों मजदूर त्योहार के चलते अपने घर आए हुए थे। कुछ दिन परिवार के साथ समय बिताने के बाद सोमवार शाम करीब पांच बजे वे वापस आगरा लौटने के लिए निकले। टेंपो के माध्यम से कमरे पर जाने के दौरान बाह-इटावा मार्ग पर कमल नयन कोल्ड स्टोर के पास देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार चंद्र प्रकाश व भगवान दीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक भगवान दीन अपने पीछे तीन साल का बेटा राज और छह माह का पुत्र पुनीत बाबू छोड़ गए हैं, जबकि चंद्र प्रकाश के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनकी पत्नी रिंकी हादसे की सूचना मिलते ही बेसुध हो गईं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक व वाहन की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार