औरैया : बाड़े में 9 भेड़ों की मौत, 6 गंभीर घायल; जंगली जानवर या आवारा कुत्तों के हमले की आशंका

 


औरैया, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना क्षेत्र के नवीमोहन गांव में गुरुवार को एक बाड़े में 9 भेड़ें मृत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं 6 अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल मिलीं। मृत भेड़ों के गले पर काटने के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे जंगली जानवर या आवारा कुत्तों के हमले की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार को जब पशुपालक बाड़े में पहुंचा तो बड़ी संख्या में भेड़ें मृत और घायल अवस्था में पड़ी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले भी इसी बाड़े में इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें 30 भेड़ों की मौत हो गई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से पशुपालकों में दहशत का माहौल है।

सूचना पर सीओ सिटी औरैया, विधूना के नायब तहसीलदार हरकिशोर तथा सहायल थाना प्रभारी रमेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने मामले की जानकारी जुटाई तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि भेड़ों की मौत के कारणों की जांच कराई जाएगी। साथ ही पशुपालन विभाग की टीम से भी परीक्षण कराया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हमला किसी जंगली जानवर ने किया या आवारा कुत्तों ने। वहीं पशुपालकों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार