सावन के दूसरे सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 


‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

औरैया, 10 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के दूसरे सोमवार को शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर बीहड़ों के बीच स्थित प्राचीन देवकली मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं के मुख से निकल रहे ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा देवकली धाम शिवमय हो उठा।

दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। कई श्रद्धालु गंगाजल और बेलपत्र समेत अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक भी सेवा भाव से जुटे रहे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में जुटे रहे। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पूर्व में देवकली मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी हर गतिविधि पर नजर रखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार