लखनऊ विधान भवन के पास मां-बेटी ने किया आत्मदाह का प्रयास

 


लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विधान भवन के सामने साेमवार दोपहर दो महिलाओं ने आत्मदाह का प्रयास किया। इस दाैरान विधान भवन की सुरक्षा में मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचाते हुए हजरतगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दाेनाें की पहचान मां-बेटी के रूप में हुई है।

हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि आज दोपहर विधान भवन के निकट मां-बेटी पहुंचीं और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास करने लगी। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस बल ने सूझबूझ से दोनों महिलाओं को तत्काल सुरक्षित रूप से रोक लिया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नहीं होने पाई। इसके बाद थाने लाकर दोनों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वे मूलरूप से हरदोई जिले के थाना संडीला क्षेत्र की निवासी हैं।

उन्होंने अपने मकान में हुई चोरी, संपत्ति विवाद के प्रकरण में स्थानीय थाने पर शिकायत की थी, लेकिन थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। महिलाओं का कहना है कि उक्त मामले में न्याय न मिलने एवं स्वयं को असुरक्षित महसूस करने के कारण वे अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लखनऊ आई थीं।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों महिलाओं की बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों एवं शिकायतों के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्रित की जा रही है। मामले में संबंधित जनपद एवं स्थानीय पुलिस से सम्पर्क किया जा रहा है। दोनों महिलाएं सुरक्षित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक