ताइक्वांडो में मीरजापुर के खिलाड़ियों का जलवा, सभी खिलाड़ियों ने जीते पदक
मीरजापुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी में आयोजित द्वितीय अंतरजनपदीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में मीरजापुर विष्णु ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उतरे अकादमी के सभी नौ खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। टीम ने एक स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए।
विष्णु ताइक्वांडो अकादमी के कोच विष्णु पांडेय ने साेमवार काे बताया कि रविवार को श्रीकमलाकर चौबे आदर्श सेवा विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, वाराणसी में हुई प्रतियोगिता में कृष्ण चौहान ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। प्रिंस दुबे, शाश्वत दुबे, कार्तिक गुप्ता, रवि चौहान और कृष्ण सोनकर ने रजत पदक अपने नाम किए। वहीं शिवाय यादव, लय दुबे और निलय दुबे ने कांस्य पदक जीतकर टीम की पदक संख्या नौ पहुंचाई।
प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श ताइक्वांडो क्लब ने वाराणसी जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के प्रोत्साहन और समर्थन से किया। इसमें विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को अपनी तकनीक और कौशल दिखाने का अवसर मिला।
कोच विष्णु पांडेय ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनके नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा