अटल जी हमेशा अटल थे, दुनिया को प्रेरित करेगा उनका साहसी नेतृत्व और अटूट प्रतिबद्धता
- अटल विहारी वाजपेयी जयंती पर कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
मीरजापुर, 25 दिसम्बर (हि.स.)। अटल जी हमेशा अटल थे। उनका साहसी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हमारी प्रेरणा है। यह हमें भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। यह विचार भाजपा नगर मंडल पश्चिमी के नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा ने सुंदरम मुन्दर बालिका विद्यालय में अटल विहारी वाजपेयी की जयंती और सुशासन दिवस के अवसर पर व्यक्त किए।
समाजसेवी गोवर्धन त्रिपाठी ने कहा कि भारत रत्न अटल जी के निर्णय हमेशा राष्ट्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में थे। पोखरण से लेकर भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा तक उनके योगदान को कोई भुला नहीं सकता।
भाजपा नगर मंडल पश्चिमी के 96 बूथों पर मतदान केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में अटल जयंती समारोह का आयोजन विभिन्न विद्यालयों में किया गया। इसमें नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, कटरा बाजीराव, रानी कर्णावती जूनियर हाई स्कूल लाल डिग्गी, आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, गनेशगज, महेश भट्टाचार्य प्रा.वि. विंध्याचल, आदर्श शिशु शिक्षा निकेतन रुखड़घाट, मा. बालिराजी सेवा संस्थान, दूधनाथ चुंगी, मडी समिति जगीरोड, स्व. काशीराम रा.बा.इ.का मुसफ्फरगंज शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी की सादगी, राष्ट्रभक्ति और सुशासन के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके मार्गदर्शन को समाज और राष्ट्र सेवा में लागू करने का संकल्प लिया।
इस दौरान पूर्व जिला मंत्री प्रीतम केशरवानी, जिला मंत्री गौरव ऊमर, महेंद्र जायसवाल, जिला कार्य समिति सदस्य मृत्युंजय त्रिपाठी, मंडल उपाध्यक्ष दीपा उमर, संगीता मिश्रा, मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार सिंह, संतोष जायसवाल, मंडल मंत्री अमरेश सोनकर आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा