अटल जन्म शताब्दी समापन समारोह में मेधाओं का सम्मान

 


- निबंध–भाषण–काव्य पाठ में विद्यार्थियों ने दिखाया दम

मीरजापुर, 22 दिसंबर (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में सोमवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद स्तर पर आयोजित निबंध, भाषण एवं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिताओं में शासकीय, अशासकीय एवं राजकीय विद्यालयों के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

निबंध प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अखिलेश कुमार पटेल, डॉ. स्वांगी उपाध्याय एवं डॉ. अंजनी कुमार मिश्र रहे। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. अखिलेश नारायण मिश्र एवं संगीता ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि भाषण प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. अशोक कुमार चंदेल, डॉ. ऋषभ कुमार एवं डॉ. रीता मिश्रा ने किया।

भाषण प्रतियोगिता में अंजलि जायसवाल ने प्रथम, प्रियंका राय ने द्वितीय एवं चंद्रमौली तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में काजल प्रथम, मीनाक्षी कसेरा द्वितीय एवं सौम्या मौर्य तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में अन्नु ने प्रथम, श्रेया दुबे ने द्वितीय तथा प्रियंका राय ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक सिंह ने कहा कि ये प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्ममूल्यांकन का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी स्थान प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें निराश होने के बजाय स्वयं का पुनर्मूल्यांकन कर अगली प्रतियोगिता के लिए और अधिक परिश्रम करना चाहिए। सफलता परिणाम सोचने से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत से मिलती है।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. आत्रेयी आद्या चटर्जी ने किया, जबकि कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राम मोहन अस्थाना ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में केवी पीजी कॉलेज, बापू उपरौध इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय पी.जी. कॉलेज चुनार, स्वर्गीय काशीराम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएसवीएस इंटर कॉलेज, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज कोलना, रामसूरत मालती इंटर कॉलेज राजगढ़, केएम पीजी कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र–छात्राएं एवं प्राध्यापक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी विजेता छात्र–छात्राओं को 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के अनुशास्ता प्रो. सुशील कुमार त्रिपाठी, प्रो. राजमोहन शर्मा, डॉ. अखिलेश नारायण मिश्र, डॉ. ऋषभ कुमार, आशुतोष कुमार त्रिपाठी, राजीव सिंह एवं डॉ. जेपी सिंह का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा