राजनाथ सिंह ने किया उत्तर प्रदेश विधानसभा के संग्रहालय का अवलाेकन
लखनऊ, 12 अप्रैल (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में बने ऑडियो-विज़ुअल संग्रहालय का अवलाेकन
किया। इस माैके पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने राजनाथ सिंह को संग्रहालय की विशेषताओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं को नए रूप में जानने-समझने का अवसर मिला। परिसर में स्थापित ऑडियो-विज़ुअल संग्रहालय ने इसकी विरासत को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने मुझे गहराई से प्रभावित किया। यह अनुभव सचमुच मेरे लिए स्मृतियों की एक विशेष यात्रा रहा। राजनाथ सिंह ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण और जन-जागरूकता के लिए निरंतर सराहनीय प्रयास कर रही है। प्रदेशवासियों से आग्रह है कि वे एक बार इस संग्रहालय का अवश्य भ्रमण करें। इस पहल के लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार, विशेष रूप से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को हार्दिक बधाई देता हूँ।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन