एएसपी मेविस टाक का सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट तथ्यहीन
सोनभद्र, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के न्यायालय कक्ष संख्या 49 में हुई कार्यवाही के संदर्भ में कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र मेविस टाक का चित्र साझा करते हुए भ्रामक एवं तथ्यहीन पोस्ट इंस्टाग्राम पर प्रसारित की गई हैं। उक्त पोस्टों पर की गई कुछ टिप्पणियों में संबंधित अधिकारी के प्रति अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का भी प्रयोग किया गया है जो तथ्यहीन और ग़लत है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में तथ्यात्मक स्थिति यह है कि उक्त तिथि को संबंधित प्रकरण में पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र की व्यक्तिगत उपस्थिति निर्धारित थी। अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति नहीं हो सकी। अपर पुलिस अधीक्षक, सोनभद्र मेविस टाक का उक्त प्रकरण से कोई संबंध नहीं है। अतः उन्हें उक्त न्यायालयीन कार्यवाही से जोड़कर प्रस्तुत करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट तथ्यात्मक रूप से गलत एवं भ्रामक हैं। किसी व्यक्ति को बिना तथ्यात्मक आधार के किसी प्रकरण से जोड़कर प्रस्तुत करना तथा उसके विरुद्ध अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणियाँ प्रसारित करना अनुचित है। सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसी सामग्री का प्रसार संबंधित व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने के साथ-साथ भ्रामक सूचना के प्रसार को भी बढ़ावा देता है।
एसपी ने बताया कि प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया पोस्टों एवं टिप्पणियों की जांच की जा रही है। संबंधित हैंडल्स एवं उपयोगकर्ताओं की पहचान तथा उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी