एएसपी अनुज चौधरी ने सड़क पर उतरकर नापी ताजियों की ऊंचाई, कहा मानकों से कोई समझौता नहीं

 




फिरोजाबाद, 25 जून (हि.स.)। माेहर्रम के अवसर पर 26 जून को होने वाले ताजियों के सुपुर्द-ए-खाक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को सिंघम के नाम से मशहूर एएसपी अनुज चौधरी ने पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरकर ताजियों को लंबाई व चौड़ाई नापी। उन्होंने कहा कि मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं हाथ में फीता लेकर विभिन्न स्थानों पर रखे गए ताजियों की लंबाई और ऊंचाई मापी। अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सभी ताजिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और जुलूस या सुपुर्द-ए-खाक के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एएसपी का कहना है कि दरअसल, पिछले वर्षों में कई स्थानों पर ताजिया जुलूस के दौरान ऊंचे ताजियों के बिजली के तारों से टकराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में ऐसे हादसे गंभीर रूप ले चुके हैं और जनहानि भी हुई है। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि धार्मिक आयोजन पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न हो, लेकिन सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एएसपी अनुज चौधरी ने आयोजन समितियों और स्थानीय लोगों से भी संवाद किया। उन्होंने लोगों को समझाया कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा सर्वोपरि है और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सभी के हित में है।

जिलाधिकारी संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। दोनों अधिकारियों ने टीम के साथ जिले के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़