एशियाड रोइंग के लिए रामगढ़ताल में होगी महिला टीम की ट्रेनिंग

 

-राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम के कैंप के लिए यूपी को पहली बार मिली मेजबानी

- 20वें एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को धार देने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

-देशभर की खिलाड़ी और कोच गोरखपुर में जुटे, 27 मार्च से औपचारिक शुरुआत

गोरखपुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर का रामगढ़ताल और विश्व स्तरीय वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। यहां जापान एशियाड 2026 के लिए रोइंग महिला टीम की स्पेशल ट्रेनिंग रामगढ़ताल में होने जा रही है। भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश को रोइंग (नौकायन) के राष्ट्रीय प्रशिक्षिण शिविर की मेजबानी मिली है।

भारतीय महिला रोइंग टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 27 मार्च से गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगा। इस शिविर में देशभर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं। इनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ी शामिल हैं।

जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल (आइची-नागोया 2026) की तैयारियों के लिए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा सचिव, यूपी रोइंग एसोसिएशन ने बताया कि शिविर की औपचारिक शुरुआत 27 मार्च को दोपहर तीन बजे की जाएगी।

शिविर के प्रतिभागी

किरण (हरियाणा), मृणमयी सालगांवकर (महाराष्ट्र), रुक्मणी, विंध्या शंकर (मध्य प्रदेश), बी. आनंदी, किरण देवी (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड/ मेघालय), अश्वनी कुमारन, सानिया कृष्णन, अन्ना हेलन, हिमा टी, एंजेल मैरी (केरल), मोनिका बदोरिया, अंशिका भारती (ओडिशा)। कोच : राजेश कुमार (सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड), ममता जेना (आल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड)।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय