मीरजापुर : इंटर के छात्र का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मीरजापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश क मीरजापुर के निवासी प्रयागराज के राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र कमलकांत (18) का शव शुक्रवार को पटेहरा गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत से मां श्यामा देवी बेसुध हो गईं। गांव में भी शोक छा गया। कमलकांत ने बुधवार रात प्रयागराज में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव निवासी रामबख्श खेती करते हैं। उनका छोटा बेटा कमलकांत प्रयागराज के राजकीय इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। वह कर्नलगंज थाना क्षेत्र के छोटा बघाड़ा मोहल्ले में अपने चाचा राजेश और उनके परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। उसका बड़ा भाई भी वहीं रहता था, लेकिन करीब एक सप्ताह पहले गांव लौट आया था।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात करीब एक बजे तक कमलकांत अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। चाचा-चाची और परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। गुरुवार सुबह नींद खुलने पर उन्होंने कमलकांत को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी प्रतिक्रिया नहीं हुई तो खिड़की से झांका। अंदर कमलकांत मृत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची प्रयागराज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव गांव लाया गया। मां श्यामा देवी आशा कार्यकर्ता हैं। बेटे की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा