आरोग्य भारती ने बच्चों को हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए किया जागरूक
देवरिया, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आरोग्य भारती के तत्वावधान में शनिवार को विकासखंड देवरिया के प्राथमिक विद्यालय लाहीलपार में बच्चों को हीट स्ट्रोक एवं लू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि हीट स्ट्रोक और लू जानलेवा हो सकते हैं। इससे बचाव के लिए घर से बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने चाहिए। सिर पर तौलिया या टोपी का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों के सेवन पर जोर देते हुए कहा कि ककड़ी, खीरा, तरबूज, संतरा, नींबू पानी, शिकंजी और जलजीरा जैसे पेय एवं फल गर्मी में शरीर को सुरक्षित रखने में मददगार होते हैं।
उन्होंने लोगों को गर्म और अधिक मसालेदार भोजन से बचने, शराब एवं नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों को न छोड़ने की सलाह दी। साथ ही घरों और रसोई की खिड़कियां खुली रखने और पर्याप्त हवा आने देने की बात कही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि “बचाव ही इलाज है” और सभी लोगों को हीट स्ट्रोक से बचाव के उपायों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलें और निकलते समय सिर ढककर ही जाएं।
कार्यक्रम का संचालन महिला आयाम प्रमुख गरिमा तिवारी ने किया। इस अवसर पर डॉ. श्वेता, अनंत प्रकाश वर्मा, अंजलि दुबे, शशिभूषण मिश्र, नवीन, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनू, डॉ. उपेंद्र कुमार गिरी, गुलाब पांडेय, प्रशांत कुमार, संतोष कुमार, रुद्रांश कुमार, डॉ. रामप्रवेश, डॉ. अनिल कुमार मणि एवं डॉ. अमरनाथ पांडेय सहित कई लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक