अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय : लालबहादुर सरोज

 


- दीनदयाल जयंती पर अंत्योदय और एकात्म मानववाद पर चर्चा

मीरजापुर, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बरौंधा कचार स्थित सभागार में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर ‘सेवा संकल्प’ के तहत संगोष्ठी और कार्यकर्ता संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, विशेषकर अंत्योदय और एकात्म मानववाद पर चर्चा हुई। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज ने की।

सरोज ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन में अंत्योदय का विशेष स्थान था। उनका विचार था कि नीतियों और विकास का लाभ समाज के सबसे गरीब, कमजोर और वंचित व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी भावना के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच काम करने की बात कही।

मुख्य अतिथि एवं काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन में संतुलन तथा समरसता की बात करता है। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के सादगीपूर्ण जीवन और संगठन के प्रति समर्पण का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इससे पहले मुकेरी बाजार स्थित उनकी प्रतिमा की सफाई कर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया और मिष्ठान वितरित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ. सीएल बिंद ने किया। इस दौरान विद्याधर तिवारी, रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, अनुराग सिंह, शुचिस्मिता मौर्या, श्यामसुंदर केसरी, जगदीश सिंह पटेल समेत जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा