वाराणसी कचहरी सीरियल बम ब्लास्ट की 19वीं बरसी पर नम आंखों से याद किए गए शहीद अधिवक्ता

 


- घटनास्थल पर मोमबत्तियां जलाकर दी गई श्रद्धांजलि, 19 साल बाद भी अधूरी है विवेचना

वाराणसी, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कचहरी में हुए आतंकी सीरियल बम धमाकों की 19वीं बरसी पर सोमवार को अधिवक्ताओं ने शहीद साथियों को नम आंखों से याद किया। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और मोमबत्तियां जलाकर मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद भोला सिंह अमर रहें, शहीद ब्रह्मप्रकाश शर्मा अमर रहें और शहीद बुद्धिराज पटेल अमर रहें के नारे भी लगाए गए।

उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 2007 को दोपहर करीब डेढ़ बजे वाराणसी कचहरी परिसर स्थित बारह कक्षीय भवन के दक्षिणी हिस्से में पहला बम विस्फोट हुआ था। इस धमाके में अधिवक्ता भोला सिंह की मौत हो गई थी। इसके करीब दो मिनट बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित हनुमान मंदिर के सामने दूसरा विस्फोट हुआ। इस धमाके में अधिवक्ता ब्रह्मप्रकाश शर्मा और बुद्धिराज पटेल समेत छह लोगों की जान चली गई थी। इन सिलसिलेवार धमाकों में 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

इस मौके पर बनारस बार के पूर्व महामंत्री अधिवक्ता नित्यानंद राय ने मामले की जांच में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि घटना के करीब 19 वर्ष बीत जाने के बावजूद सीरियल बम ब्लास्ट मामले की विवेचना अब तक पूरी नहीं हो सकी है। विवेचना की प्रगति सामने नहीं आने पर सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कैंट पुलिस से मामले की अद्यतन जांच रिपोर्ट तलब करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अदालत से अब तक हुई विवेचना की स्थिति स्पष्ट कराने का अनुरोध किया गया है। गौरतलब है कि इस मामले में तत्कालीन कैंट थाना प्रभारी इंद्रजीत चतुर्वेदी ने वादी बनकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अधिवक्ता नित्यानंद राय, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, महामंत्री आशीष सिंह, उपाध्यक्ष नृपेंद्र सिंह नन्हे, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी