हादसे के बाद उबाल: युवक का शव रख ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, पुलिस पर पथराव
मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के लठिया सहिजनी गांव निवासी 21 वर्षीय देवा कुमार बिंद की सड़क हादसे में मौत के बाद ग्रामीणों ने रविवार को शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। हालात उस समय बिगड़ गए जब आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियाें ने कार्रवाई का भराेसा देकर शांत कराया।
सीओ चुनार मंजरी राव ने बताया कि देवा कुमार शुक्रवार सुबह शेरवां-रामपुर मार्ग पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल देवा को परिजन बनारस के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां शनिवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने रविवार को रामपुर-शेरवां मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। वे आरोपित चालक की गिरफ्तारी और तेज रफ्तार पर अंकुश की मांग कर रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पथराव में शेरवां चौकी प्रभारी बीएन राय व सिपाही आशुतोष यादव घायल हो गए।
सूचना पर सीओ चुनार मंजरी राव व एसडीएम चुनार राजेश वर्मा पहुंचे। गिरफ्तारी व मुआवजे के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा