उत्कृष्ट कार्य पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

 


मीरजापुर, 08 सितंबर (हि.स.)। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से मंगलवार को तहसील सभागार चुनार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्कृष्ट ढंग से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने वाली कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह ने नरायनपुर की कार्यकत्रियों पूर्णिमा, प्रभा कुमारी व सहायिका चंद्रकला, पूनम मौर्या, सीखड़ की प्रीति, चंदा यादव व सहायिका श्यामलता, ममता तथा जमालपुर की अनुराधा, रीमा व सहायिका उर्मिला, लक्ष्मीना को सम्मानित किया।

समारोह में नरायनपुर ब्लॉक की नौ, सीखड़ की चार और जमालपुर की 10 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। तीनों ब्लॉकों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गंभीर रूप से कुपोषित (एसएएम) श्रेणी के बच्चों को स्वस्थ कराने वाले उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने नरायनपुर ब्लॉक की कार्यकत्रियों द्वारा लगाए गए पोषण स्टॉल का निरीक्षण कर पोषण सामग्री के उपयोग और लाभ की जानकारी ली।

इस दौरान एसडीएम अनेग सिंह, तहसीलदार इवेन्द्र कुमार, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष मंगरु साहनी, बीडीओ रामराज कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा