गर्मी, हीट वेव व लू के चलते 15 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर अवकाश

 


बलरामपुर, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, हीट वेव एवं लू को देखते हुए बलरामपुर जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है। केंद्रों पर आने वाले 03 से 06 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अवकाश अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं केंद्रों पर उपस्थित रहकर नियमित विभागीय कार्य संपादित करेंगी। इस दौरान लाभार्थियों को टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण, गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन, वीएचएसएनडी सत्रों में सहभागिता, पोषण ट्रैकर ऐप पर लाभार्थियों का डाटा फीडिंग, ई-केवाईसी, फेस कैप्चरिंग सहित अन्य सभी कार्य पूर्ववत संचालित किए जाएंगे। जनपद प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा लू और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन