अमेठी में निर्माणाधीन रिंगरोड पर अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया धरना -प्रदर्शन

 




अमेठी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के कोतवाली एवं तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रेभा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने अमेठी बाईपास फेज-II (रिंगरोड) पर अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि बाईपास निर्माण के चलते रेभा संपर्क मार्ग को पूर्ण रूप से बंद किया जा रहा है, जिससे हजारों की आबादी का आवागमन प्रभावित हो रही है ।

ग्रामीणों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत बन रहे अमेठी बाईपास फेज-II (रिंगरोड )का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग से ग्राम रेभा, ज्ञानचंदपुर, महसो, आदि गांवों को जोड़ने वाली पक्की सड़क जिला पंचायत द्वारा बनाई गई थी। लेकिन बाईपास (रिंग रोड ) निर्माण के दौरान इस संपर्क मार्ग को बंद किया जा रहा है और बाईपास पर कोई अंडरपास प्रस्तावित नहीं है।

ग्रामीणों ने कहा कि बाईपास की ऊंचाई अधिक होने के कारण सीधे आवागमन संभव नहीं होगा, जिससे करीब दस हजार से अधिक की आबादी को लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे छात्रों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में मांग की गई है कि रेभा संपर्क मार्ग से आवागमन सुगम बनाने के लिए अमेठी बाईपास फेज-II (रिंगरोड) पर शीघ्र अंडरपास का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि यदि हमारी मांग नहीं मानी जाती है तो इस सड़क से आवागमन करने वाले लगभग 8 से 10 गांव के लोग धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में प्रशासनिक एसडीएम अमेठी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि रेभा गांव से कुछ लोग ज्ञापन देने के लिए आए थे उनका ज्ञापन लिया गया। उनकी समस्या यह है कि गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रिंग रोड बनाए जाने का कार्य प्रगति पर है। उसमें उनके द्वारा अंडरपास की मांग की गई है इसके लिए मेरे द्वारा एनएच के एई से बात किया गया है। आज ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक जेई और उनकी टीम मौके पर गांव गई हुई है। मामले की जांच कर रही है नियमानुसार जो भी कार्यवाही होगी वह कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी