स्कूल से लौटते समय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ गायब,पुलिस ने शुरू की तलाश

 




अमेठी, 12 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के रामगंज थाना रामगंज क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी कक्षा 10 का 16 वर्षीय किशोर स्कूल से लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। दिव्यांशु दुबे (16) पुत्र चन्द्रभान दुबे, निवासी मोहनपुर मजरे रामचन्दरपुर, थाना रामगंज, जनता इंटर कॉलेज कस्बा रामगंज में कक्षा 10 का छात्र है। परिजनों के मुताबिक 11 अगस्त की सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल गया था। दोपहर करीब दो बजे वह अपने दोस्त के साथ विद्यालय से वापस लौट रहा था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों की ओर से किशोर के साथ मारपीट कर उसे अगवा किए जाने की आशंका जताई गई। तहरीर में कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से किशोर की तलाश और मामले में कार्रवाई की मांग किया है। किशोर के सकुशल बरामद होने को लेकर परिजन चिंतित हैं और लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

वहीं रामगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रामराज कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो माह से दिव्यांशु दुबे द्वारा रामगंज निवासी रवि और शनि की चचेरी बहन चहक साहू के साथ कथित छेड़छाड़ किए जाने की बात को लेकर दोनों भाइयों ने रास्ते में किशोर को डांट-डपटकर दोबारा ऐसा न करने की हिदायत दी थी। इसके बाद दिव्यांशु अपने दोस्त के साथ रामेश्वर प्रसाद तिवारी की कोचिंग पहुंचा, लेकिन कोचिंग बंद होने के कारण वह साइकिल से त्रिसुंडी की तरफ चला गया। पुलिस के अनुसार तलाश के दौरान जानकारी मिली कि संसारीपुर स्थित मौर्या ढाबे के पास हाईवे किनारे बैग की दुकान लगाने वाले मोहम्मद अशफाक पुत्र जाहल हसन, निवासी कुरमाली, थाना बाबरी, जनपद शामली के पास दिव्यांशु दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच पहुंचा था। दुकानदार के मुताबिक किशोर ने उससे दुकान लगाने का समय पूछा। दुकानदार ने शाम करीब छह बजे तक दुकान लगाने की बात बताई। इसके बाद दिव्यांशु अपनी स्कूली बैग दुकान पर रखकर वापस आने की बात कहकर वहां से चला गया, लेकिन फिर लौटकर नहीं आया। किशोर के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर के संबंध में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी