अमेठी में 7 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

 


अमेठी, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत थाना मोहनगंज पुलिस ने 7 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि मोहनगंज पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों मुकेश कुमार सिंह उर्फ रामू पुत्र चन्द्रचूण सिंह निवासी उत्तरपारा थाना मोहनगंज तथा शिवकुमार पुत्र मोहन निवासी रेवरी मजरे उत्तरपारा थाना मोहनगंज काे गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान मुकेश के कब्जे से 14 पुड़िया तथा शिवकुमार के कब्जे से 12 पुड़िया गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें गांजा बेचने के लिए राजदेव पुत्र रामस्वरूप निवासी ब्रह्मनी थाना फुरसतगंज द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर राजदेव को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस की जांच में सामने आया कि राजदेव ने हाल ही में मुकेश और शिवकुमार को 6 किलोग्राम गांजा बिक्री के लिए दिया था। अभियुक्तों की निशानदेही पर भूपसिंह की पुलिया के नीचे छिपाकर रखा गया 4 किलोग्राम गांजा भी बरामद कर लिया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 7 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 9 लाख रूपये आँकी गईं है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मोहनगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी