अमेठी में जर्जर मकान गिरने से मलबे में दबा परिवार,बुजुर्ग महिला समेत दो घायल

 




अमेठी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के भादर ब्लॉक के रामगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत संसारीपुर गांव में शनिवार शाम गणपति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने के बीच एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर सो रहा परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिसमें से दो लोगों को गंभीर चोट आई हैं।

हादसे में परिवार की 60 वर्षीय हीरावती पत्नी स्व. सुरेश कुमार कोरी के पैर और कंधे में मामूली चोट आई है। वहीं करीब 20 वर्षीय ज्योति को कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज करने के बाद डॉक्टर ने दोनों को वापस घर भेज दिया है।

अमेठी के उप जिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने रविवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। टीम द्वारा पीड़ित परिवार के हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है, ताकि नियमानुसार उन्हें सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि भादर ब्लॉक के बीडीओ और एडीओ पंचायत को भी मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने स्तर से पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी