अमेठी में कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के त्यागपत्र को लेकर किया प्रदर्शन

 




अमेठी, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में साेमवार काे मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने जनपद मुख्यालय गौरीगंज नगर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकाला, जो कोतवाली, फल मंडी चौराहा और स्टेशन तिराहा होते हुए पुनः कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट की चोरी बंद करो’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ समेत विभिन्न नारे लगाए। मुख्य चुनाव आयुक्त का त्यागपत्र मांगा। कार्यकर्ता कुछ देर सड़क पर बैठकर विरोध जताते रहे। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की भूमिका कानून के विरुद्ध पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ कथित हाथापाई का भी आरोप लगाया और कहा कि इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

प्रदर्शन में कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। इनमें राधेश्याम धोबी, विजय पासी, आशीष शुक्ला, किरण देवी, ममता पांडेय, मोबीन चंदन, अर्जुन पासी, अनिल सिंह, राम लखन शुक्ला, कामता मिश्रा, सबीना, सदाशिव, मतीन अहमद, तुलसीराम पासी, धर्मेंद्र शुक्ला, शकील इदरीशी, राजू पंडित, शुभम सिंह, महेश तिवारी, सौरभ सिंह, सुनील सिंह, राजीव लोचन तिवारी, अजहरुल हक, अशोक शुक्ला, सर्वेश सिंह, अनुराग सिंह और अभय दत्त सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी