अमेठी : दुर्गा पूजा से पहले निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग, कांग्रेसियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमेठी, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में नवरात्रि एवं आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को देखते हुए क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कमेटी मुसाफिरखाना के ब्लॉक अध्यक्ष राजू ओझा (राजेंद्र) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने धरना प्रदर्शन कर एसडीएम मुसाफिरखाना नीतेश राज को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुसाफिरखाना क्षेत्र के नगर एवं ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। विशेषकर रात के समय कई-कई घंटे बिजली कटौती होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात्रि में बिजली न रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को जीव-जंतुओं का भी भय बना रहता है।
ज्ञापन में कहा गया कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल और देवी प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में विशेषकर रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी है, ताकि पूजा आयोजनों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।कांग्रेस नेताओं ने मुसाफिरखाना, जगदीशपुर और बाजार शुकुल ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विद्युत उपकेंद्रों की तत्काल समीक्षा कराने, अनावश्यक रात्रिकालीन कटौती पर रोक लगाने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही दुर्गा पूजा के दौरान विद्युत व्यवस्था की विशेष निगरानी और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।
इस मौके पर कांग्रेस के मनरेगा जिला कोऑर्डिनेटर राम लखन शुक्ला, पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, जिला सचिव कुलवंत सिंह, रविंद्र सिंह, सतीश सिंह, ब्लॉक मुसाफिरखाना महासचिव संजय कुमार शुक्ला एडवोकेट, पवन तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी