आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति में अनियमितता का आरोप,मुख्यमंत्री से मांगा न्याय

 




अमेठी, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के विकासखंड मुसाफिरखाना क्षेत्र अंतर्गत भद्दौर गाँव निवासी गार्गी ने आंगनबाड़ी सहायिका पद की नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता और रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

गार्गी द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायतीपत्र में आरोप लगाया गया है कि आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति के दौरान शासन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि उन्होंने नियुक्ति के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की थीं, इसके बावजूद उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई और इसकी कोई स्पष्ट सूचना भी नहीं दी गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि नियुक्ति के नाम पर पैसों की मांग की गई। पैसे न देने पर उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई, जबकि अपात्र अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया गया। मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।

गार्गी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने तथा नियुक्ति प्रक्रिया की पुनः समीक्षा कर न्याय दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में अमेठी के डीपीओ संतोष श्रीवास्तव का कहना है कि भद्दौर द्वितीय में आंगनबाड़ी सहायिका पहले से ही काम कर रही है। वहां पर पद खाली नहीं था, विभागीय त्रुटिवश वहां विज्ञापन निकल गया था जो बाद में निरस्त कर दिया गया है। आवेदिका द्वारा लगाए जा रहे अन्य आरोप बुनियाद है। जब भी विज्ञापन ही निरस्त कर दिया गया तो नियुक्ति का सवाल ही नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी