आंबेडकर पार्कों का होगा कायाकल्प, नौ गांवों में विकास कार्यों का शिलान्यास
मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत गुरूवार को जिले में महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्थलों को नया स्वरूप देने की पहल शुरू हो गई है। संविधान दिवस पर शुरू हुई इस योजना के जरिए प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण के साथ बाबा साहेब के विचारों और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में चुनार विधायक अनुराग सिंह ने सीखड़ विकास खंड के धनैता गांव स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में सौंदर्यीकरण कार्य का विधि-विधान से पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण भी किया। इस दौरान विधायक ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा के लिए संघर्ष का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समतामूलक समाज के निर्माण की राह दिखाते हैं।
विधायक ने लोगों से संविधान में निहित आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पिड़खर, बड़भुइली, गोरखपुर माफी, रैपुरिया, बरेवा, डेहरी, खेतीबारी, टेढ़ुआ और भोरमार माफी में भी प्रतिमा विकास कार्यों का शिलान्यास और शिलापट्ट का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, सूरजीत सिंह, अनूप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा