सपा सरकार बनने पर उप्र में अनुसूचित जनजाति आयोग का अलग से गठन होगा: अखिलेश यादव

 


लखनऊ, 24 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर आदिवासियों को लोहिया आवास दिया जाएगा। अनुसूचित जनजाति आयोग का उत्तर प्रदेश में अलग से गठन किया जाएगा। अखिल भारतीय गोंड महासभा का लखनऊ में एक पीडीए भवन भी होगा, जो हॉस्टल होगा।

अखिलेश यादव बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर आरोप लगाया कि जो भावनात्मक लगाव आदिवासियों का जल, जंगल, जमीन से था उससे भी खिलवाड़ कर रहे हैं। अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए लाखों लाख एकड़ जमीन न जाने किसको दी जा रही है।

अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड मामले में सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो घटना हुई है, सब बच्चों की जान बचाई जा सकती थी, जो हादसा हुआ है वो कोई सामान्य हादसा नहीं है। जो केवल अपने व्यक्तिगत जीवन के लिये जी रहे हैं उनसे क्या उम्मीद करोगे आप, बच्चों का दुःख परिवार वाले ही समझ सकते हैं।

अखिलेश ने कहा कि अगर समय पर दीवार काट दी जाती तो शायद बहुत बच्चों की जान बच जाती। हर दुःख से बड़ा दुःख अपने बच्चे को खोने का दुःख है।

उन्होंने प्रभु श्री राम के स्थान पर अनियमितता मामले कहा कि महापाप किया गया है। मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज गायब हैं, उससे भी घटिया काम करा रहे हैं एक के नाम के आगे यादव लगा है तो बता रहे हमारा रिश्तेदार है। मामले में विशेष जांच समिति मतलब एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। उन्होंने कहा कि एसआईटी का मतलब शेयर इन थेफ्ट है। उन्होंने मामले में अभी तक एफआईआर न होने को लेकर सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने सपा सरकार में बने आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर कहा कि इस (भाजपा) सरकार ने बर्बाद कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा