शंकराचार्य का अपमान करा रही भाजपा, जनता उसका देगी जवाब : अखिलेश यादव
लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हुए। उन्होंने उनकी सुरक्षा हटाए जाने पर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम समाजवादी लोग घबराने वाले नहीं हैं, सब सुरक्षा वापस भी ले लेंगे तो भी हम इनको सरकार से हटा देंगे। वहीं शंकराचार्य के साथ हो रहे व्यवहार को भाजपा सरकार द्वारा अपमान कराने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव रविवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष एक बार फिर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन में खड़े नजर आए। उन्होंने शंकराचार्य से जुड़े कथित विवाद के मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 20 साल पुरानी बातों को उछालकर शंकराचार्य का अपमान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जगतगुरु रामभद्राचार्य का नाम लेते हुए कहा कि उनके खिलाफ पहले दर्ज 420 के मुकदमे को वापस लेना उनकी गलती थी। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि रामभद्राचार्य जी के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
शंकराचार्य पर एफआईआर को लेकर भड़के अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शंकराचार्य से‘सर्टिफिकेट’ मांग रही है, जबकि उनके पास खुद का कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने यहां बिना नाम लिए उप्र के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा कि वस्त्र पहनने और कान छिदाने से कोई योगी नहीं हो जाता। प्रदेश सरकार जिस तरह शंकराचार्य के साथ व्यवहार कर रही है। जनता उसका जवाब देगी।
100 विधायक लाइए और सीएम बन जाइए
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को सीएम पद ऑफर किया है। उन्होंने कहा कि‘दोनों डिप्टी सीएम में से कोई भी 100 विधायक लाइए और सीएम बन जाइए।’ इस दौरान अखिलेश यादव की उपस्थिति में कई नेताओं काे सपा में शामिल करते हुए उन्हें बधाई दी गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सदन में नेता विपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के साथ बड़ी संख्या में पार्टी के नेता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा