अखिलेश यादव राम-राम कहें, तभी हाेगा कल्याण : पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह

 


- सम्पूर्ण वंदेमातरम से अह्लादित हुआ मन, भारत माता का वंदन हमारी संस्कृति : पशुधन मंत्री

- गौ हमारी माता, गौसेवा से ही समृद्ध होगा भारत, जंतर-मंतर की अराजकता पर होगी कार्रवाई

लखनऊ, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि आजादी के 78 वर्ष बाद उत्तर प्रदेश विधानमंडल में पहली बार सम्पूर्ण वंदेमातरम का गायन हुआ है। यह ऐतिहासिक क्षण है और इससे उनका मन अत्यंत अह्लादित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत माता की जय-जयकार, पूजन और वंदन भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और इसका सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य है।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रभु श्रीराम की शरण में आ जाना चाहिए। जब अखिलेश राम-राम कहकर वोट मांगेंगे, तभी उनका कल्याण होगा। मंत्री ने कहा कि अच्छी बात है कि आज पूरा विपक्ष हिंदू-हिंदू कह रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का स्मरण व्यक्ति के जीवन में सद्भाव और सकारात्मकता लाता है। मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी

(भाजपा) संविधान और नियमों के अनुरूप सदन चलाती है, जबकि विपक्ष के पास विकास का कोई मुद्दा नहीं बचा है। भाजपा विकास चाहती है, विपक्ष विनाश की राजनीति कर रहा है। अखिलेश यादव का उद्धार राम-राम कहने से ही होगा।

पूर्ववर्ती सरकार के समय गौवंश की उपेक्षा हुई

प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाय हमारी माता है और उसका दूध अमृत के समान है। योेगी सरकार गौवंश संरक्षण, संवर्धन और देशी नस्लों के सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय गौवंश की उपेक्षा हुई, जबकि गौसमृद्धि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और भारतीय परंपरा की आधारशिला है।

सदन चलने नहीं देना चाहता विपक्ष

विधानमंडल में विपक्ष के व्यवहार पर मंत्री धर्मपाल ने कहा कि विपक्ष सदन चलने नहीं देना चाहता। आज शोक संवेदना का अवसर था, लेकिन समाजवादी पार्टी ने जिस प्रकार का आचरण किया, उससे स्पष्ट है कि उन्हें संवेदना से अधिक राजनीति की चिंता है। उन्होंने शोक नहीं, वेदना दी है।

मोदी युवाओं के साथ, छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील

जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन को लेकर मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि वहां हुई अराजकता कैमरों में कैद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के साथ खड़े हैं और छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को माफ किया गया है, लेकिन अराजक तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अवश्य होगी।

सनातन परंपरा और गौमाता पर टिप्पणी करने वालों को जनता देगी जवाब

सांसद पप्पू यादव से जुड़े हालिया विवाद और गौमाता को लेकर हुई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सनातन आस्था का अपमान देश की करोड़ों जनता की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। मंत्री ने कहा कि जो लोग गौमाता और सनातन परंपरा पर सवाल उठाते हैं, उन्हें देश की सांस्कृतिक चेतना को समझना चाहिए। भारत की पहचान उसकी सनातन संस्कृति, संत परंपरा और गौसेवा से जुड़ी है। समाज ऐसे बयानों को स्वीकार नहीं करेगा और जनता लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश