समर्थक पूरी तरह से कांग्रेस से जुड़े रहें, मेरा घर अभी भी राहुल गांधी का घर - अजय राय
वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि. स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने वाराणसी में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मेरे समर्थक पूरी तरह से कांग्रेस से जुड़े रहें और आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत लगाकर कांग्रेस को जीताने का काम करेंगे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय ने कहा कि मैं अपने नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहता हूं। राहुल गांधी और नेतृत्व पर मेरा पूरा विश्वास है। मेरे जैसे साधारण कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री मोदी के विरुद्ध चुनाव लड़ाया। अभी भी मैं राहुल गांधी के पीछे खड़ा हूं।
कांग्रेस के नेतृत्व नेता राहुल गांधी की फोटो पोछते हुए अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी मेरे आदर्श हैं। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए जान की बाजी लगानी होगी, तो भी लगाऊंगा। मेरा घर अभी भी राहुल गांधी का घर है। मेरे घर के बाहर बोर्ड लगा है, राहुल गांधी का यह घर है। मेरी समर्थकों से अपील है कि मेरे समर्थक मेरे साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े रहे, हम विधानसभा चुनाव में जुटेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद