श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट के बीच भारतीय वायु सेवा के राफेल विमान के पायलटों ने किया रिहर्सल
वाराणसी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। वाराणसी में सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट के बीच भारतीय वायु सेवा के राफेल विमान ने उड़ान भरी। राफेल विमान की गड़गड़ाहट से पूरे शहर का ध्यान विमान के पायलटों की रिहर्सल पर चला गया। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में होने वाले एयर शो के लिए पायलटों ने वाराणसी के आकाश में जमकर रिहर्सल की।
एयर शो की रिहर्सल कर रहे पायलटों को राफेल विमान उड़ाता हुआ देखकर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी। स्थानीय लोगों में एयर शो को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। अस्सी घाट निवासी आचार्य सुखदेव ने कहा कि बहुत सुंदर अवसर है। जब पूरा शहर भारतीय वायु सेवा का पराक्रम देखेगा। यह आनंद का अवसर है। इसे आनंद का उत्सव कहा जाना चाहिए। चौकाघाट स्थित एक प्राइवेट स्कूल के संचालक रविशंकर ने कहा कि वाराणसी के सांसद प्रधानमंत्री मोदी हैं और यही कारण है कि हमें राफेल विमान और तमाम विमान के एयर शो देखने का मौका मिल रहा है। यह बनारस के लोगों के लिए प्रसन्नता का क्षण है।
बनारस के लोगों को क्या मिलेगा : शंकराचार्य
वाराणसी में होने वाले एयर शो को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एयर शो से बनारस के लोगों को क्या मिलेगा। इससे क्या उपलब्धि मिलने वाली है। यह समझ में नहीं आता है। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर एयर शो होता है तो समझ में आता है। बिना मौसम के एयर शो क्यों हो रहा है?
हिन्दुस्थान समाचार / शरद