एआई से बनाई फर्जी फोटो वायरल करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
औरैया, 25 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ऐरवाकटरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री की एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई कथित फर्जी और भ्रामक फोटो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार को थाना ऐरवाकटरा पुलिस ने आरोपी रजनीश उर्फ नीशा पुत्र बलराम सिंह यादव, निवासी उसरापाटी, थाना ऐरवाकटरा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को सूचना मिली थी कि फेसबुक आईडी Rajnish Yadav / raghavendra_yadav_8279 से एक कूटरचित और एआई जनरेटेड फोटो पोस्ट की गई है। आरोप है कि फोटो में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को पूर्व मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श करते हुए फर्जी तरीके से दर्शाया गया था। पुलिस का कहना है कि इस पोस्ट के माध्यम से लोगों को गुमराह करने और सामाजिक व राजनीतिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
सूचना के आधार पर थाना ऐरवाकटरा में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने और भ्रामक सामग्री के प्रसार से बचने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार