विकास खंड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसानों को उपलब्ध कराया जाय केसीसी : सूर्य प्रताप शाही

 




प्रदेश के सभी पात्र केसीसी धारक किसानों को फसल बीमा योजना से संतृप्त करने के निर्देश

खरीफ 2026 में ग्राम पंचायत स्तर पर बीमा योजनाओं का हो व्यापक प्रचार-प्रसार, फसलों की क्षति का तत्परता से हो आकलन

लखनऊ, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान भवन स्थित समिति कक्ष 08 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कृषि मंत्री ने अवशेष 56.31 लाख केसीसी धारकों को फसल बीमा योजना से शत-प्रतिशत संतृप्त करने तथा वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 83.90 लाख केसीसी के लक्ष्य को तेजी से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में कृषि मंत्री ने निर्देशित किया कि बैंक, बीमा कम्पनियां एवं कृषि विभाग आपसी समन्वय से विकास खंड स्तर पर विशेष अभियान व शिविर आयोजित करें, जिससे 'ऑप्ट आउट' करने वाले किसानों को छोड़कर शेष सभी केसीसी धारक किसानों को अनिवार्य रूप से फसल बीमा का सुरक्षा कवर उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि किसानों के केसीसी खातों से प्रीमियम की राशि कटने के दो दिनों के भीतर उसे बीमा कम्पनियों को प्रेषित किया जाए। इसके अतिरिक्त, खरीफ 2026 मौसम में ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रतिकूल मौसम में फसल क्षति का त्वरित आकलन कर प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 1.10 करोड़ केसीसी के सापेक्ष वर्तमान में बैंकों द्वारा 17.07 लाख कृषकों को बीमित किया गया है, 39.00 लाख खाते अपात्र श्रेणी के हैं तथा 56.31 लाख खातों को संतृप्त किया जाना शेष है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के 83.90 लाख केसीसी लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 28.43 लाख केसीसी ही बनाए या नवीनीकृत किए जा सके हैं, जिस पर कृषि मंत्री ने असंतोष जताते हुए इसमें तेजी लाने को कहा। इससे पूर्व खरीफ 2025 में बीमित 20.63 लाख किसानों में से 7.26 लाख किसानों को 806.98 करोड़ रुपये तथा रबी 2025-26 में 18.57 लाख बीमित किसानों में से अब तक 1.66 लाख किसानों को 134.12 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जा चुका है।

बैठक में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश टीएम त्रिपाठी, निदेशक कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा सुमिता सिंह के साथ-साथ उद्यान विभाग, संस्थागत वित्त विभाग, समस्त व्यावसायिक बैंकों, सहकारी बैंकों, ग्रामीण बैंकों, नाबार्ड, सीएससी और बीमा कम्पनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा