विंध्य धाम पहुंचे कृषि मंत्री, बोले—मां के आशीर्वाद से और मजबूत होगा विकास का अभियान
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर मां का आशीर्वाद लेना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लोककल्याण के लिए चलाए जा रहे अभियानों को मां का आशीर्वाद मिलता रहे, यही कामना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सनातन संस्कृति के अनुरूप विकास के जो प्रयास हो रहे हैं, उन्हें और मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों पुराना संकल्प अब पूरा हो चुका है और यह भारत की अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ा है और किसानों को राहत देने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की कर्जमाफी, पीएम किसान सम्मान निधि और सस्ती दरों पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराकर उनकी स्थिति मजबूत की है। साथ ही वैश्विक संकट के बीच पेट्रोलियम और गैस की आपूर्ति को संतुलित बनाए रखने का भी दावा किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा