अदवा बांध से छोड़े पानी ने डुबोई किसानों की धान की फसल

 


- छह से अधिक गांवों के खेतों में भरा पानी, माइनर बंद कराने और मुआवजे की मांग

मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। लगातार बारिश से नुकसान झेल चुके किसानों की धान की फसल अब अदवा बांध से हलिया माइनर में छोड़े गए पानी से संकट में पड़ गई है। माइनर का पानी खेतों में भरने से अहुगी कला, भटवारी, बेदऊर और सोठिया समेत छह से अधिक गांवों के किसानों की फसल डूब गई है। खेतों में पानी जमा होने से खड़ी फसल के सड़ने की आशंका बढ़ गई है।

किसानों का कहना है कि बारिश से पहले ही धान की फसल को काफी नुकसान हुआ था। किसी तरह बची फसल अब माइनर का पानी खेतों में पहुंचने से बर्बाद होने की कगार पर है। आरोप है कि खेतों में पानी भरने के बावजूद सिंचाई विभाग की ओर से माइनर का पानी बंद नहीं कराया जा रहा है।

किसानों ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से मामले का संज्ञान लेकर माइनर तत्काल बंद कराने की मांग की है। साथ ही प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा