चैंबर ताेड़े जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, 18 मई (हि.स.)। लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और पुलिस की लाठीचार्ज के विरोध में फतेहगढ़ बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक प्रस्ताव पारित कर जिलाधिकारी अंकुर लाठर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
बार एसोसिएशन फतेहगढ़ द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 17 मई 2026 को लखनऊ पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने और निर्दोष वकीलों पर किए गए लाठीचार्ज की घटना निंदनीय है। अधिवक्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और अधिवक्ता सम्मान पर हमला बताया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े गए हैं, उनके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बार एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश में “अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट” लागू करने की मांग को भी दोहराया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से वकीलों में रोष व्याप्त है। यदि सरकार ने जल्द उचित कदम नहीं उठाया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ज्ञापन में बार एसोसिएशन फतेहगढ़ के अध्यक्ष शशि दीक्षित सहित सैकड़ों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar