संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने गांवों में पहुंचकर परखी तैयारियां

 


मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। जनपद में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सदर तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित होने वाले संभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम ने ग्राम अकोढ़ी और राजस्व ग्राम चौकठ पहुंचकर संपर्क मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति में संपर्क मार्गों पर जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने गंगा नदी के जलस्तर की स्थिति भी जानी। ग्रामीणों से संवाद के दौरान लोगों ने बताया कि बाढ़ के समय संपर्क मार्ग प्रभावित होने से आवागमन में काफी परेशानी होती है।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि बाढ़ चौकियों को तत्काल सक्रिय कर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने नावों की उपलब्धता, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षित स्थानों को चिन्हित कर अस्थायी शरणालय की तैयारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के लिए चारे और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

राजस्व एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश देते हुए डीएम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर महेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार, लेखपाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा