मीरजापुर में कछुआ सैंक्चुअरी में अवैध खनन पर सख्ती, 9 नामजद व 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

 


मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र कछुआ सेंचुरी गोगांव में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग व पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 9 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद खनन व परिवहन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

मेजा परिक्षेत्र के उरुवा सेक्टर प्रभारी वन दरोगा रामचंद्र यादव ने बताया कि कछुआ सेंचुरी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से बालू के अवैध खनन और परिवहन में संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव निवासी जटाशंकर पुत्र शिवनाथ, संतलाल पुत्र रमई, रतनलाल दुबे पुत्र ज्ञानचंद दुबे, शिवराज पांडेय पुत्र केदारनाथ, हरिशंकर मांझी पुत्र स्व. बाबूराम मांझी तथा भंवरूपुर साटनपट्टी गांव निवासी राजेश चौबे, परमेश्वर चौबे पुत्र राम सजीवन चौबे, पवन दुबे पुत्र राजमणि दुबे और जगन्नाथ (पिता अज्ञात) सहित 10 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

वन क्षेत्राधिकारी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि कछुआ सेंचुरी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, जिगना थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि नामजद आरोपिताें के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में लगातार कार्रवाई हाे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा