मीरजापुरः बैठक में जिलाधिकारी ने चेताया—जल निगम से खोदी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो होगी कार्रवाई

 


- उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क मरम्मत और बैंक ऋण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार काे जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों ने नगर के विभिन्न हिस्सों में जल निगम की ओर से पेयजल योजना के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से आवागमन में हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को जल्द सड़कों की मरम्मत कर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीएम युवा उद्यमी विकास योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। बताया गया कि योजना के तहत जिले को 2600 का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष 2572 आवेदन बैंकों को भेजे गए। इनमें 595 स्वीकृत, 620 में ऋण वितरित और 1509 आवेदन निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि 620 आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने बिना स्पष्ट कारण आवेदन निरस्त नहीं करने और स्वीकृत आवेदनों पर समय से ऋण वितरित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने लीड बैंक प्रबंधक को शाखावार समीक्षा कर सभी आवेदनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में निवेश मित्र योजना, नए औद्योगिक आस्थान के लिए भूमि, चुनार में औद्योगिक क्षेत्र की दीवार पर अवैध कब्जे, पॉटरी की टनल भट्ठी, ओडीओपी और सीएफसी निर्माण सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा