मोटर साईकिल सवार की बस परिचालक की भिड़ंत, दो घायल ,एक की मौत

 


सुलतानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के लंभुआ कस्बे में बुधवार को लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर डकाही बाईपास के पास एक सड़क हादसे में निजी स्कूल बस के परिचालक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मालकतुला गांव निवासी दयाशंकर पांडेय एक निजी विद्यालय की बस में परिचालक थे। वे बच्चों को डकाही बाईपास पर बस से उतारकर सड़क पार कराने के बाद वापस बस की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमानगंज निवासी रमाशंकर गुप्ता अपनी भाभी जयमाला गुप्ता, जो प्रदीप गुप्ता की पत्नी हैं, के साथ अमरूपुर स्थित कस्तूरबा विद्यालय से घर लौट रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल की सड़क पार कर रहे दयाशंकर पांडेय से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दयाशंकर पांडेय और बाइक सवार रमाशंकर व जयमाला गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दयाशंकर पांडेय को मृत घोषित कर दिया। उनके परिवार में दो बेटे राजन पांडेय और दुर्गेश पांडेय तथा दो विवाहित बेटियां हैं।

घायल रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि वे अपनी भाभी के साथ उनकी बेटी को कस्तूरबा विद्यालय अमरूपुर छोड़ने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। चिकित्सकों ने रमाशंकर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जबकि जयमाला गुप्ता का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

लंभुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने बुधवार को बताया कि लंभुआ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त