नाेएडा में अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, छात्र की मौत
नोएडा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के आरक्यूब मोनाड माॅल के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में एक 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना सेक्टर 39 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि शनिवार तड़के सेक्टर-43 स्थित आरक्यूब मोनाड माॅल के पास एक कार में सवार होकर नितिन (18) पुत्र अशोक तथा मनोहर झा (18) पुत्र पवन झा जा रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। मनोहर झा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उच्च संस्थान रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक ग्रेटर नोएडा स्थित धर्म पब्लिक स्कूल से 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी