झांसी में खड़े ट्रक से स्लीपर बस टकराई, चालक समेत दो की मौत

 




झांसी, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बड़ागांव थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा करीब 20 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

दरअसल प्रयागराज से मध्य प्रदेश के विदिशा जा रही एक स्लीपर बस 29 जुलाई की रात करीब एक बजे बड़ागांव थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में मप्र निवासी बस चालक इस्लाम बेग और एक यात्री कन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही थाना बड़ागांव पुलिस एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी भेजा। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चालक सहित दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन गंभीर घायलों का उपचार किया गया, जबकि अन्य घायलों को सामान्य चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र ही सामान्य करा दिया। प्रारंभिक जांच में बस के चालक को संभवतः झपकी आने के बाद बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया