दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में किशोर की मौत, तीन गंभीर
मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक किशोर को मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बसुहरा गांव निवासी 16 वर्षीय सत्य प्रकाश अपने रिश्तेदार दिघिया गांव निवासी 17 वर्षीय गोलू के साथ बाइक से हलिया बाजार से घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक हलिया-लालगंज मार्ग पर बरी गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर लालगंज थाना क्षेत्र के धोबहा देवघटा गांव निवासी 50 वर्षीय पवन पटेल और 30 वर्षीय रणजीत सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह और महेंद्र प्रताप यादव ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सत्य प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन पटेल, रणजीत और गोलू की हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सत्य प्रकाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक किशोर की मौत हुई है तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा